तखतपुर/सकरी (परमेश्वर ठाकुर) तखतपुर स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ और क्षेत्र के एक जाने-माने चेहरे दीपक पांडेय (45 वर्ष) की असमय मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। अपनी मिलनसार छवि और सेवाभावी स्वभाव के कारण क्षेत्र में हर दिल अजीज रहे दीपक पांडेय ने शारीरिक बीमारी और असहनीय दर्द से तंग आकर मौत को गले लगा लिया। नेचर सिटी स्थित अपने निवास में उन्होंने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को उनके पास से एक भावुक सुसाइड नोट भी मिला है।
एक हादसे ने छीन ली थीं खुशियां :-
मूल रूप से तखतपुर के वार्ड क्रमांक 15 (बेलसरी) के निवासी दीपक पांडेय तखतपुर स्वास्थ्य केंद्र में लैब टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत थे। वे एक हंसमुख और कर्तव्यनिष्ठ कर्मचारी थे, लेकिन कुछ साल पहले हुए एक हादसे ने उनकी जिंदगी बदल दी। दरअसल, एक सांड ने उन्हें उठाकर पटक दिया था, जिससे उनकी आंख और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं।
इस हादसे के बाद से वे लगातार शारीरिक रूप से अस्वस्थ चल रहे थे। उन्होंने खुद को ठीक करने के लिए कई बड़े और अलग-अलग अस्पतालों में इलाज कराया, लेकिन तमाम कोशिशों के बाद भी उन्हें आराम नहीं मिला। शारीरिक पीड़ा और लगातार गिरते स्वास्थ्य ने उन्हें अंदर से तोड़ दिया था और वे गहरे मानसिक तनाव में आ चुके थे।
अंतिम पल: “मैं ऊपर कमरे में आराम करने जा रहा हूँ :-
रविवार का दिन भी आम दिनों की तरह ही शुरू हुआ था। दीपक अपने पिता के साथ सकरी बाजार से सब्जी लेने गए थे। घर लौटने के बाद उन्होंने अपनी मां से बेहद सामान्य लहजे में कहा कि वे थक गए हैं और ऊपर अपने कमरे में आराम करने जा रहे हैं। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि मां से कही गई यह बात उनकी आखिरी बात साबित होगी।
रात को जब परिवार वालों ने खाना बनाया और दीपक को आवाज दी, तो ऊपर से कोई जवाब नहीं आया। जब परिजन उन्हें बुलाने कमरे में पहुंचे, तो वहां का मंजर देखकर उनकी चीख निकल गई। दीपक का शव फांसी के फंदे पर झूल रहा था।
सुसाइड नोट में छलका दर्द: मैं अपने स्वास्थ्य से परेशान हूँ :-
घटना की सूचना तुरंत सकरी पुलिस और रिश्तेदारों को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब शव को फंदे से उतारकर तलाशी ली, तो दीपक की जेब से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ। उस पत्र में दीपक का दर्द साफ छलक रहा था।
सुसाइड नोट में दीपक ने लिखा था कि वे अपने खराब स्वास्थ्य से बेहद परेशान हो चुके हैं। अलग-अलग अस्पतालों में इलाज कराने के बाद भी वे ठीक नहीं हो पा रहे हैं, इसलिए वे अपनी मर्जी से यह आत्मघाती कदम उठा रहे हैं। इसके लिए उनके परिवार के किसी भी सदस्य को परेशान न किया जाए।
गृहग्राम बेलसरी में होगा अंतिम संस्कार :-
सकरी पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच में जुट गई है। एक होनहार लैब टेक्नीशियन और परिचित चेहरे के इस तरह चले जाने से तखतपुर और बेलसरी में मातम पसरा हुआ है। दीपक पांडेय का अंतिम संस्कार उनके मूल निवास गृहग्राम बेलसरी में किया जाएगा, जहां नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी।

