तखतपुर- छत्तीसगढ़ के तखतपुर से खाकी को दागदार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने शादी का झांसा देकर एक युवती के साथ तीन साल तक शारीरिक शोषण करने के आरोप में आरक्षक (सिपाही) सनत मिरी को गिरफ्तार किया है। आरोपी आरक्षक पूर्व में तखतपुर थाने में ही पदस्थ था और वर्तमान में बिलासपुर लाइन अटैच है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नए कानून की धारा बीएनएस 69 (BNS 69) के तहत अपराध दर्ज कर जेल भेज दिया है।
सोशल मीडिया से शुरू हुई थी ‘गंदी बात’ :-
पीड़िता के अनुसार, साल 2023 में सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए उसकी पहचान तत्कालीन तखतपुर थाने के आरक्षक सनत मिरी से हुई थी। धीरे-धीरे यह जान-पहचान दोस्ती और फिर प्यार में बदल गई। आरक्षक ने युवती को अपने जाल में फंसाया और शादी का पवित्र वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। युवती का आरोप है कि आरोपी पिछले तीन साल से लगातार उसका यौन शोषण कर रहा था। इस दौरान आरक्षक का तबादला बिलासपुर हो गया, लेकिन वह लगातार पीड़िता को शादी का भरोसा देकर मिलता रहा।
दो बच्चों का बाप है आरक्षक, छिपाया सच :-
जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आरोपी आरक्षक सनत मिरी पहले से ही शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। उसने पीड़िता को अपने शादीशुदा होने की बात पूरी तरह छिपाकर रखी और अंधेरे में रखकर उसका फायदा उठाता रहा।
शादी का दबाव बनाया तो बदला रंग, मुकरा आरोपी :-
कुछ समय बाद जब युवती ने आरक्षक सनत पर शादी करने का दबाव बनाना शुरू किया, तो आरक्षक की हकीकत सामने आ गई। वह युवती से विवाद करने लगा और उससे दूरियां बनाने लगा। आरोपी के बदले व्यवहार से पीड़िता को खुद के साथ हुए बड़े धोखे का अहसास हुआ।
थाने पहुंची पीड़िता, पुलिस ने तत्परता से की गिरफ्तारी।
धोखा मिलने के बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और तखतपुर थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एक्शन लिया। शुरुआती जांच और पीड़िता के बयानों के आधार पर आरोपी आरक्षक सुमंत मिरी (उर्फ सनत मिरी) को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और विभाग की छवि खराब करने वाले आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
वही भड़ास से बातचीत में तखतपुर थाना प्रभारी अवनीश पासवान ने बताया कि आरक्षक के खिलाफ युवती द्वारा दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है, आरक्षक को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की जांच जारी है।

