तखतपुर। तखतपुर विकासखंड के ग्राम दैजा में आरक्षित सरकारी भूमि पर अवैध मिट्टी और मुरुम खनन का गंभीर मामला सामने आया है। पोकलेन मालिक द्वारा लगातार जेसीबी और मशीनों से लगातार खुदाई कर जमीन को गहरे गड्ढों में तब्दील कर दिया गया है, जिससे पूरा क्षेत्र अब एक अस्थायी तालाब जैसा रूप ले चुका है।

पूरा क्षेत्र जेसीबी मालिक से परेशान हो चुके है। ग्रामीणों के अनुसार, अभी क्षेत्र में मानसून पूरी तरह सक्रिय नहीं हुआ है, लेकिन यदि बारिश तेज हुई तो ये गहरे गड्ढे पानी से भरकर बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। गांव दैजा में आबादी काफी घनी है और निस्तारी व पशु चराई के लिए लोग इसी क्षेत्र के आसपास निर्भर रहते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय मशीनें लगाकर संरक्षित सरकारी जमीन की अवैध खुदाई की गई है। इस खुदाई के कारण लगभग 8 से 10 फीट गहरे खतरनाक गड्ढे बन गए हैं, जो अब जानलेवा साबित हो सकते हैं।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि खनिज और राजस्व विभाग की निगरानी केवल औपचारिकता बनकर रह गई है। उनका कहना है कि मौके पर नियमित कार्रवाई नहीं होने के कारण बड़े पैमाने पर मुरुम की अवैध निकासी हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
ग्रामीणों ने चिंता जताई है कि पहले भी कई जिलों में ऐसे गड्ढों में डूबने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनमें बच्चों की जान जा चुकी है। ऐसे में देजा गांव के ये खुले और गहरे गड्ढे किसी भी समय बड़ी दुर्घटना को आमंत्रण दे सकते हैं।

लोगों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई कर अवैध खनन रोकने, गड्ढों को भरवाने और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी भी अनहोनी को टाला जा सके।

