तखतपुर। नगर के वेलकम गेट के पास स्थित ‘वीरू ढाबा’ में कल देर रात शराब पीने आए दो गुटों के बीच हुए खूनी संघर्ष के मामले में आज तखतपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने और मौके पर मूकदर्शक बने रहने के कारण ढाबा संचालक वीरू देवांगन के खिलाफ आज अपराध दर्ज कर लिया है !
कल शराब के नशे में शुरू हुआ था खूनी खेल :-
यह घटना कल घटित हुई थी, जब वेलकम गेट के पास स्थित वीरू ढाबा में दोनों गुटों के युवक शराब पीने के लिए बैठे थे। इसी दौरान किसी पुरानी रंजिश या टेबल पर बैठने की बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गाली-गलौज से शुरू हुई बात लात-घूसों और फिर हथियारों तक पहुंच गई। दोनों पक्षों के युवकों ने मर्यादा की सारी हदें पार करते हुए एक-दूसरे पर लोहे की रॉड और भारी पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया। इस मारपीट में कई युवकों को गंभीर चोटें आने की आशंका है।
मूकदर्शक बना रहा ढाबा संचालक और स्टाफ :-
चश्मदीदों के मुताबिक, कल जब दोनों गुटों के युवक एक-दूसरे के खून के प्यासे हो रहे थे और वीरू ढाबा जंग का मैदान बना हुआ था, तब ढाबा संचालक ने बीच-बचाव करने की ज़रा भी ज़हमत नहीं उठाई। ढाबा संचालक और वहां मौजूद स्टाफ डर के मारे पीछे हट गए और पूरे मामले को सुलझाने के बजाय मूकदर्शक बनकर केवल तमाशा देखते रहे।
इलाके में दहशत, अवैध शराब पर फूटा लोगों का गुस्सा।
सड़क किनारे और ढाबे पर सरेआम हुई इस गुंडागर्दी के बाद वेलकम गेट के आसपास के इलाके में आज भी दहशत का माहौल है। घटना के बाद आरोपी युवक मौके से फरार बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर भी भारी आक्रोश है कि ढाबों पर देर रात तक अवैध रूप से शराब पिलाने और हुड़दंग मचाने की छूट आखिर क्यों दी जा रही है।
आज पुलिस ने की वैधानिक कार्रवाई :-
कल हुई इस गंभीर घटना की सूचना मिलने के बाद तखतपुर पुलिस तुरंत हरकत में आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आज ढाबा संचालक वीरू देवांगन के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।

