तखतपुर। नगर के रामजानकी मंदिर परिसर स्थित प्राचीन मां काली मंदिर में बीती रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर सोने-चांदी के आभूषण और दानपेटी पार कर दी। शातिर चोरों ने वारदात को अंजाम देने के दौरान मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों के साथ भी तोड़फोड़ और छेड़छाड़ की है।

घटना की जानकारी सुबह तब हुई जब मंदिर के पुजारी रोजाना की तरह पूजा-अर्चना करने पहुंचे। उन्होंने मंदिर के मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ देखा। पुजारी ने तत्काल इसकी सूचना आसपास के लोगों को दी। मंदिर के भीतर जाकर देखने पर माता की मूर्ति में लगे सोने-चांदी के आभूषण और दानपेटी गायब थे। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद तखतपुर पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

2.50 लाख से अधिक का माल पार
अनुमान के मुताबिक, मंदिर की दानपेटी में लगभग 50 हजार रूपए की नकदी मौजूद थी। वहीं, मां काली की प्रतिमा से लगभग ₹2 लाख मूल्य के सोने एवं चांदी के आभूषण चोरी हुए हैं। इस प्रकार चोरों ने कुल 2.50 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति पर हाथ साफ किया है।

सीसीटीवी में कैद हुए संदिग्ध।
वारदात को अंजाम देते समय आरोपी मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए हैं। हालांकि चोरों ने कैमरों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की तस्वीरें निकाल ली हैं और उनकी तलाश तेज कर दी है।
असामाजिक तत्वों पर शक, कार्रवाई की मांग।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, मंदिर के पीछे स्थित चबूतरे पर आए दिन नशेड़ियों, शराबियों और गंजेड़ियों का जमघट लगा रहता है। आशंका जताई जा रही है कि नशे की लत को पूरा करने के लिए ही इस चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। नगरवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में डेरा डाले रहने वाले असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाए और चोरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर चोरी गए माल की बरामदगी की जाए।

